गैर हिंदी भाषा-भाषी हिंदी सीखें तथा हिंदी भाषी क्षेत्रीय भाषाएं भी सीखें

Share this News:

दिनांक 22.08.2019 को मंडल रेल प्रबंधक  मिलिन्द देऊस्कर की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय के सभागृह में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, पुणे की 84 वीं बैठक संपन्न हुई जिसमें जून 2019 को समाप्त तिमाही में पुणे मंडल पर राजभाषा हिंदी की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मंडल कार्यालय के वरिष्ठ शाखा अधिकारी तथा स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति, सातारा, मिरज, कोल्हापुर, पुणे के अध्यक्ष उपस्थित थे।

इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक  मिलिंद देऊस्कर ने कहा कि राजभाषा हिंदी में कार्य करना हम सभी की संवैधानिक जिम्मेदारी है पर गैर हिंदी भाषाभाषी हिंदी सीखें तथा हिंदी भाषी क्षेत्रीय भाषाएं भी सीखें।

 

उन्होंने मुख्यालय में आयोजित क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की पिछली बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों से सभी सदस्यों को अवगत कराया तथा सभी मदों पर प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए।

 

उन्होंने जानकारी दी कि पुणे मंडल पर राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में विभिन्न डिजिटल अनुप्रयोग शुरू किए गए हैं तथा पुणे मंडल की काग़ज़ रहित डिजिटल हिंदी ईपत्रिका `इंद्रायणी` का आगामी अंक `एक भारतः श्रेष्ठ भारत` विशेषांक के रूप में प्रकाशित किया जा रहा है जिसके लिए उन्होंने सभी सदस्यों से रचनात्मक सहयोग प्रदान करने की अपील की।

 

उन्होंने 14 सितंबर को 71 वें हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताएं आयोजित करने तथा अधिक से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राजभाषा हिंदी को लोकप्रिय बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के भी अनुदेश दिए। उन्होंने वॉयस टाइपिंग के जरिए कंप्यूटर पर हिंदी में टाइप करने के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षित करने की सलाह भी दी।

 

इस अवसर पर उपस्थित अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी, प्रफुल्ल चंद्रा ने स्टेशनों पर जनसंपर्क से संबंधित सभी बोर्ड आदि में क्षेत्रीय भाषा मराठी के प्रयोग पर भी बल दिया। 

 

बैठक में पुणे मंडल पर नवनियुकत अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री सहर्ष बाजपेयी भी विशेष उपस्थित थे।