पुणे- सिकंदराबाद शताब्दी एक्सप्रेस नये मनमोहक रुप में चलेगी

Share this News:

पुणे से सिकंदराबाद के बीच चलनेवाली शताब्दी एक्सप्रेस आगामी 25 दिसंबर से अपने बदले हुए स्वरुप में चलेगी । पुणे मंडल ने प्रोजेक्ट स्वर्ण के तहत इस गाडी के सभी 10 कोच की आंतरिक एवं बाहरी सजावट की है । बाहर की ओर पी.यु. पेंटिंग की गयी है जिसमें एन्टी ग्रेफाईट कोटींग है जो आकर्षक होने के साथ ही डस्ट फ्री है। इस गाडी के कोच की आंतरिक सजावट अपने आप में बहुत ही आकर्षक , मनमोहक होने के साथ ही सुखद एवं आरामदायक यात्रा का अनुभव कराएगी। दिनांक 25 दिसंबर 2017 को गाडी के प्रस्थान समय प्रात: 05.50 बजे के पहले पुणे स्टेशन पर आयोजित एक भव्य सार्वजनिक कार्यक्रम में सांसद श्री अनिल शिरोले की प्रमुख उपस्थिति में इसका औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।
कोच के अंदर लगी आकर्षक डिजाईनर विनाईल रैपिंग कोच को बहुत ही खूबसूरत रुप प्रदान करती है । पैसेज में रेड कार्पेट बिछाया गया है । महाराष्ट्र एवं आंध्रप्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर एवं लोककला को दर्शाती हुई आकर्षक पेंटींग्ज भी लगाई गयी है। इसके अलावा कोच में सुगंधित वातावरण रहे इसके लिये दो मशीनें लगायी गयी है। हर कोच में दो सीसीटीवी कैमेरे लगाए गए है। नेत्रहीन यात्रियों की सुविधा के लिये ब्रेल लिपी में सीट नंबर के स्टिकर लगाए गए है। नये मोबाईल चार्जिंग होल्डर, आकर्षक परदे, डिस्पोजेबल हेडरेस्ट , एल ई डी रीडिंग लैम्प एवं डिजिटल घडी लगाई गयी है।
यात्रियों के मनोरंजन के लिये एक्जिक्युटिव क्लास में वाय फाय आधारित संयत्र लगाया गया है जिससे यात्री अपने मोबाईल, लैपटॉप, टैब आदि के माध्यम से गाने, फिल्म का आनंद उठा सकेंगे।
गाडी के कोच में प्रवेश करते ही सुखद अनुभूति देने वाली विनाईल रैपींग की गयी है।यहां सिंगल सूचना बोर्ड लगाया गया है जिसमें यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी सम्मिलित है। टॉयलेट बहुत ही सुविधाजनक बनाए गये है जिसमें टाईल्स , ब्रांन्डेड उच्च क्वालिटी की फिटींग्ज , डिस्पोजेबल टॉयलेट सीट कवर डिस्पेन्सर , डस्टबीन , मैट , सोप डिस्पेन्सर आदि लगायी गयी है।
(गाडी संख्या 12025 पुणे से प्रात 05.50 बजे रवाना होकर 14.20 बजे सिकंदराबाद पहुंचती है तथा वापसी में गाडी संख्या 12026 सिकंदराबाद से 14.45 बजे प्रस्थान कर 23.10 बजे पुणे पहुंचती है।)