साफ सफाई में पुणे स्टेशन भारतीय रेल पर अग्रणी
ए 1 श्रेणी में शामिल पुणे रेलवे स्टेशन बेहतर साफ सफाई के उच्चतम मापदंडों पर खरा उतरा है। आज जारी किए गए सर्वेक्षण बाद के नतीजों के अनुसार भारतीय रेल पर पुणे स्टेशन टॉप 10 में शामिल होकर उसे रैंकिंग में 9 वां स्थान हासिल हुआ है।
एक स्वतंत्र एजेन्सी , “क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया” द्वारा हाल में किए गए ताजा सर्वेक्षण के आधार पर यह रैंकिंग जारी की गयी है । इस सर्वेक्षण के तहत ए1 कैटेगरी के 75 तथा ए कैटेगरी के 332 सहित कुल 407 स्टेशन सर्वे में शामिल किए गए थे। पुणे मंडल के लिये यह गर्व की बात है कि मध्य रेल पर केवल पुणे स्टेशन को ही इस सूची में टॉप 10 में स्थान मिला है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री.बी.के.दादाभोय के कुशल मार्गदर्शन में पिछले कई महीनों से पुणे स्टेशन पर तथा मंडल के सभी छोटे बडे स्टेशनों पर व्यापक साफ सफाई अभियान चल रहा है। जिसके लिये अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विशेष दस्ते बनाए गए हैं जो स्टेशन परिसर, वेटिंग हॉल , प्लेटफार्म सर्क्युलेटींग एरिया तथा ट्रैक आदि पर गंदगी को साफ करने के कार्य की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मंडल द्वारा लगातार स्वयंसेवी संगठनों , सामाजिक संस्थाओं , स्कूल- कॉलेज के छात्र , छात्राओं का भी सफाई कार्य में सहयोग लिया जाता रहा है । इसी के साथ वे स्टेशन तथा गाडियों में लोगों को प्रेरणादायी नुक्कड नाटक, पोस्टर , बैनर आदि के माध्यम से जागरुक करने का काम भी करते हैं।
रेलवे द्वारा भी स्टेशनों पर उदघोषणा के जरिये , समाचार पत्रों तथा सोशल मीडिया पर भी निरंतर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इस उपलब्धि में असंख्य यात्रियों का भी बडा योगदान रहा है। पुणे रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है की इस स्वच्छता मुहिम में सहयोग देकर इसे और बेहतर करने के लिये रेल प्रशासन की मदद करें ।
मंडल रेल प्रबंधक श्री बी के दादाभोय ने इस उपलब्धि पर खुशी प्रकट की है और सभी का आभार माना है।
