अनारक्षित टिकट अब मोबाईल पर भी उपलब्ध होंगे
पुणे रेल मंडल उपनगरीय स्टेशनों के लिये अनारक्षित टिकट अब मोबाईल पर उपलब्ध कराकर पेपरलेस होने की दिशा में कदम बढा रहा है । पुणे से लोनावला के उपनगरीय स्टेशनों के टिकट अब युटीएस एप के जरिये प्राप्त किये जा सकेंगे । इस एप को पुणे स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आज स्थानीय सांसद श्री अनिल शिरोले ने लॉंच किया । इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री मिलिन्द देऊस्कर , अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री प्रफुल्ल चंद्रा, मुख्य चिकित्सा अधिक्षक डॅा रामकृष्णा , बिर्ला आदित्य हौस्पिटल की सीईओ रेखा दुबे सहित बडी स्ंख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं रेल यात्री उपस्थित थे ।
सभी स्मार्ट फोन धारकों, जिनके पास नेट कनेक्शन होगा उनके लिये यह सुविधा उपलब्ध करा दी गयी है । पुणे मंडल पर उपनगरीय क्षेत्र में 1लाख 12 हजार यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं जिनसे 13.10लाख रुपये की आय होती है। उपनगरीय यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के लिये रेल प्रशासन ने यह नयी पहल की है। इससे निश्चित ही यात्री लाभान्वित होंगे।
इसके बारे में अधिक जानकारी देते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री मिलिन्द देऊस्कर ने बताया कि अब उपनगरीय अनारक्षित यात्रियों को टिकट के लिये लंबी कतार लगाने की जरुरत नही होगी। गुगल प्ले स्टोअर, विंडो स्टोअर, ऐपल स्टोअर में जाकर utsapp डाउनलोड करके इसे रजिस्टर करके कार्यान्वित किया जा सकेगा।
मोबाईल पर यह टिकट स्टेशन, स्टेशन बिल्डिंग तथा रेल पटरी छोडकर 2 किलोमीटर के दायरे में बुक किये जा सकेंगे इससे यात्रियों का समय बचेगा । यात्रा के दौरान उन्हे प्रिंट टिकट को दिखाने की बजाय फोन में प्राप्त की गयी ईमेज को दिखाना पर्याप्त होगा । टिकट चेकिंग के दौरान इस एप के “शो टिकट ऑप्शन” के जरिये इंटरनेट कनेक्शन के बिना ( ऑफलाईन) भी दिखाया जा सकता है। इस टिकट के खोने का डर नही रहेगा। यह टिकट किसी अन्य यात्री के नाम पर ट्रान्स्फर नही किया जा सकेगा। इस टिकट को रद्द नही किया जा सकता।
निम्न तरीके से टिकट बुक किया जा सकेगा :- रजिस्ट्रेशन, आर- वॉलेट, बुक टिकट.
रजिस्ट्रेशन :- रजिस्ट्रेशन के लिये यात्री को पहले अपना मोबाईल नंबर, नाम, लिंग, जन्म तिथि, आयडी कार्ड नंबर, शहर आदि की औपचारिकता करने के बाद युजर को एसएमएस के जरिये लॉग ईन आयडी एवं पासवर्ड प्राप्त होगा।
आर-वॉलेट:- यात्री को आर वॉलेट को पेमंट करने के लिये इस्तमाल करना होगा। आर-वॉलेट को युटीएस काउंटर पर या ऑनलाईन आयआरसीटीसी के कॉमन पेमेंट गेटवे utsonmobile.indian.rail.gov.in के माध्यम से रिचार्ज किया जा सकेगा ।
बुक टिकट:- सफलता पुर्वक रजिस्ट्रेशन एवं रिचार्ज के उपरांत यात्री टिकट बुक कर सकेगा।
