सीहोर जिले को मिला स्कॉच स्मार्ट टेक्नॉलाजी अवार्ड-2015

Sihore collector
Share this News:

भोपाल : सीहोर जिले के कलेक्टर डॉ. सुदाम खाड़े के नवाचार टिप्पी-टेप को नई दिल्ली के इंडिया हेबिटेट सेन्टर में गत दिवस हुये कार्यक्रम में स्कॉच स्मार्ट टेक्नोलॉजी अवार्ड-2015 से पुरस्कृत किया गया। अवार्ड के लिए सम्पूर्ण देश से 350 संगठनों ने 1059 नवाचारों का पंजीयन करवाया था।

कलेक्टर का नवाचार -नौनिहालों में हो रहा स्वच्छता का प्रसार

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर सीहोर डॉ. खाड़े ने आँगनवाड़ियों के बच्चों में स्वच्छता जैसे गंभीर विषय पर गहन चिन्तन किया कि कैसे बच्चों के लिए हाथ धुलाई जैसे अनिवार्य और महत्वपूर्ण कार्य को रोचक तथा प्रेरक बनाया जाए। इस पर हुये विमर्श से टिप्पी-टेप यंत्र की परिकल्पना सामने आयी और जिसे मूर्तरूप देने का कार्य जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री राजीव सिंह ने किया। वर्तमान में जिले की लगभग 800 आँगनवाड़ियों में टिप्पी-टेप हाथ धुलाई यंत्र स्थापित किये जा चुके है जो सफलतापूर्वक कार्य कर रहे है।

टिप्पी-टेप यंत्र स्थानीय संसाधनों लकड़ी, रस्सी, प्लास्टिक केन का उपयोग कर बिना किसी खर्च के स्थापित किया जाता है। इससे बच्चे खेल-खेल में हाथ धुलाई जैसा अनिवार्य और महत्वपूर्ण कार्य सीख रहे है। इस यंत्र के प्रयोग से जल संरक्षण, हाइजीन, कीचड़ से मुक्ति जैसे उद्ददेश्य हासिल हो रहे है। टिप्पी-टेप यंत्र के माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान को जिले में गति मिल रही है। नौनिहालों के लिए अब हाथ धुलाई रोचक और प्रेरणास्पद कार्य हो गया है।

राज्य सरकार के निर्देश-पूरे प्रदेश मे लगेगा टिप्पी-टेप

कलेक्टर के नवाचार की जीरो लागत तथा दीर्घकालीन प्रभावों को देखते हुए राज्य शासन ने महिला बाल विकास विभाग तथा एमडीएनआरएचएम को प्रदेश की सभी आँगनवाड़ियों तथा आरोग्य केन्द्रों पर टिप्पी-टेप की स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।