पुणे रेलवे स्टेशन पर उबेर टैक्सी सेवा यात्रियों के हित में

Share this News:

पुणे रेल मंडल ने यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से पुणे स्टेशन पर टैक्सी सेवा शुरु कर दी है। यह सेवा पुणे- मुंबई एयरपोर्ट पर उपलब्‍ध सुविधा के अनुरूप उबेर कंपनी द्वारा शुरु की गयीहै। पुणे स्‍टेशन पर यात्रियों को प्रि बुकिंग तथा स्पॉट बुकिंग दोनो ही तरीकों से इसे बुक किया जा सकता है। स्टेशन परिसर में एक समय में दस गाडियां उपलब्ध रहेंगी । उबेर को यह सुविधा पूरी तरह से नियमानुसार खुली निविदा आमंत्रित करके करीब 70 लाख रूपये भुगतान प्राप्त कर जगह आबंटित की गई है । जिन यात्रियों को मोबाईल से टैक्सी बुक करनी है वह पहले ही अपनी यात्रा को सुनिश्चित कर सकते है ।इसके अतिरिक्‍त उबेर टैक्‍सी के स्‍टेशन पर लगाये गए बुथ पर जाकर भी स्‍पॉट बुकिंग के जरिए अपनी मनचाही जगह पर जा सकते है । यह रेलवे का यात्रियों के हित में लिया गया एक सार्थक कदम है।

इसके अलावा स्‍टेशन पर ऑटो रिक्‍शा के लिए अलग से रिजर्वेशन ऑफिस के पास बड़ी जगह पर रेलवे ने ऑटो रिक्‍शा स्‍टैंड बनाया है जहां से या‍त्री इस सुविधा का भी उपयोग कर रहे हैं। यात्रियों की आम शिकायत है कि ज्‍यादातर रिक्‍शा चालक मीटर पर न चलते हुए मनमाने तौर पर किराया वसूलते हैं और यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार भी करते है ।
उबेर व्‍दारा स्‍टेशन पर शुरू की गई स्‍पॉट बुकिंग सुविधा का कुछ रिक्‍शा चालक विरोध कर रहे हैं और रेलवे के कार्य में बाधा डाल रहे है । ऐसा प्रतीत होता है कि रिक्शा चालकों को भय है कि उनकी रोजीरोटी प्रभावित होगी। पुणे स्टेशन पर दो लाख यात्री आते-जाते हैं जो कि सभी प्रकार की सुविधाओं का उपयोग करते हैं, और कुछ लोगों को वातानुकूलित वाहनों की जरूरत होती है। बड़े यात्री समूह और अधिक सामान के साथ चलने वालों के लिए यह सेवा बहुत उपयोगी सिध्‍द होगी । इसके पूर्व इसी तरह की सेवा ओला केब व्दारा 6 माह तक प्रदान की गई थी। नागपुर स्टेशन पर इस तरह की सेवा सुचारू रूप से कार्यान्वित है। पुणे तथा मुंबई एयरपोर्ट पर भी इस तरह की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। ऐसी परिस्थिति में कुछ निहित स्वार्थ के चलते यात्रियों के हित में विरोध उचित नहीं है़, इस बारे में पिछले कई दौर की मीटिंग में जी.आर.पी., आर.टी.ओ.तथा ट्रैफिक पुलिस के साथ रेलवे प्रशासन व्‍दारा स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्‍कर ने सभी संबंधित लोगों से यात्री हित में रेलवे को सहयोग की अपील की है।