पुणे मंडल पर हरिवंश राय बच्चन जयंती मनाई गई

Share this News:

27/11/2019, पुणे – पुणे मंडल पर डॉ. हरिवंशराय बच्चन जयंती का आयोजन किया गया I मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागृह में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक,  रेणु शर्मा ने कीI इस अवसर पर डॉ. हरिवंशराय बच्चन की रुबाइयों और सर्वश्रेष्ठ कविताओं की डीजल लोको शेड, घोरपड़ी के रेल कर्मचारियों द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक सहर्ष बाजपेयी,  नीलम चंद्रा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और डॉ. हरिवंशराय बच्चन जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक  सहर्ष बाजपेयी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया जिसके बाद अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक नीलम चंद्रा ने अपने संबोधन में डॉ. हरिवंशराय बच्चन के बारे में बोलते हुए कहा कि डॉ. हरिवंशराय बच्चन एक युग का निर्माण करने वाले साहित्यकार रहे हैं जिन्हें देश के साथ साथ विदेशों में भी खासी लोकप्रियता मिली ।
मंडल रेल प्रबंधक रेणु शर्मा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में संबोधित करते हुए कहा कि इस सांस्कृतिक कार्यक्रम से पुणे मंडल पर राजभाषा हिंदी के प्रति एक प्रोत्साहक वातावरण तैयार होगा जिससे पुणे मंडल के अधिकारी और कर्मचारी प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम प्रारंभ होने से पहले कवि  विनिश सक्सेना द्वारा डॉ. बच्चन की प्रसिद्ध कविता अग्नि-पथ का सस्वर वाचन किया गया।

इस अवसर पर डॉ. हरिवंशराय बच्चन जी की रुबाइयों और सर्वश्रेष्ठ दिलकश कविताओं को राग बागेश्री, केदार, चद्रकंस, विलासखानी, मालकंस, तोड़ी और भैरवी आदि में पिरो कर प्रस्तुत किया गया जिससे सभागृह में साहित्य और संगीत का एक अनोखा समां बंध गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में पुणे मंडल के अंतर्गत डीजल लोको शेड, घोरपड़ी में कार्यरत रेल कर्मचारी  डैनियल गायकवाड़,  विल्सन गायकवाड,  रामतिर्थकर,विवेक तायडे एवं एस. टी. कुलकर्णी आदि कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी।