चिंचवड में संत तुकाराम महाराज हिंदी पुस्तकालय एवं वाचनालय का शुभारंभ

25 pustakalay at cch photo
Share this News:

18 /9/2019, पुणे- मध्य रेल पुणे मंडल के चिंचवड स्थित ऊपरी उपस्कर डिपो में अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी, पुणे प्रफुल्ल चंद्रा के कर-कमलों से संत तुकाराम महाराज हिंदी पुस्तकालय एवं वाचनालय का शुभारंभ किया गया। चिंचवड के नजदीक देहू गांव में महाराष्ट्र के प्रसिध्द संत, तुकाराम महाराज की जन्मस्थली होने के कारण ही इस पुस्तकालय का संत तुकाराम महाराज पर नामकरण किया गया है।

 

इस अवसर पर संबोधित करते हुए  प्रफुल्ल चंद्रा ने कहा कि हिंदी-मराठी पुस्तकों के पठन-पाठन की ओर कर्मचारियों को आकर्षित करने में इस पुस्तकालय की प्रमुख भूमिका रहेगी। पुस्तकें ही हमारी सबसे अच्छी मित्र हैं तथा हम जीवन की सभी समस्याओं और गूढ़ रहस्यों के समाधान पुस्तकों के माध्यम से ढूंढ सकते हैं तथा पुस्तकें ही हमें सुसंस्कृत बनाती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पुस्तकालय की सदस्यता ग्रहण करने तथा पुस्तकालय को लोकप्रिय बनाने और पुस्तक पढ़ने को अपनी नियमित आदत बनाने का आग्रह किया।

 

इस कार्यक्रम में डिपो के प्रभारी सीनियर सेक्शन इंजीनियर,  महावीर सिंह सहित बडी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित थे। मलवली से लेकर चिंचवड तक स्थित विभिन्न स्टेशनों, डिपो तथा रेल कार्यालयों के कर्मचारी इस पुस्तकालय एवं वाचनालय का निःशुल्क लाभ उठा सकेंगे। इस पुस्तकालय में हिंदी एवं मराठी साहित्य की उत्कृष्ट पुस्तकें, पत्र-पत्रिकाएं तथा दैनिक समाचार पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। पुणे मंडल पर कर्मचारियों को अधिकाधिक पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिंदी पुस्तक पठन-पाठन प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है जिसमें पाठक कर्मचारियों को नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।